Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस विभाग की ओर से बड़े स्तर पर तबादला आदेश जारी किया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी जिला आदेश संख्या 630/2026 के तहत कुल 15 सहायक अवर निरीक्षकों (एएसआई) को तत्काल प्रभाव से विभिन्न थानों और इकाइयों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। विभाग का कहना है कि यह फेरबदल कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने, ट्रैफिक प्रबंधन को मजबूत करने और थाना स्तर पर कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है।
यातायात थाना से कई एएसआई को दूसरे थानों में भेजा गया
जिले के यातायात थाना में लंबे समय से कार्यरत कई एएसआई का तबादला कर उन्हें अलग-अलग थानों और इकाइयों में भेजा गया है। जारी आदेश के अनुसार एएसआई मोहम्मद समसुद्दीन, एएसआई सत्येंद्र सिंह और एएसआई मोहम्मद अकबर हुसैन को आदित्यपुर थाना में पदस्थापित किया गया है। वहीं एएसआई नारद साह को आरआईटी थाना, एएसआई अनिल कुमार को गम्हरिया थाना, एएसआई जितेंद्र कुमार राय को कपाली ओपी तथा एएसआई शंकर कुमार यादव को चांडिल थाना भेजा गया है। इसके अलावा एएसआई रविंद्र कुमार को सड़क सुरक्षा कोषांग में नई जिम्मेदारी दी गई है।
दूसरे थानों से कई अधिकारियों को यातायात थाना में मिली जिम्मेदारी
पुलिस विभाग ने यातायात थाना की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अन्य थानों और इकाइयों से भी कई एएसआई की प्रतिनियुक्ति की है। आदेश के तहत एएसआई महेश उरांव को आदित्यपुर थाना से, एएसआई श्रवण कुमार सिंह को गम्हरिया पुलिस कार्यालय से तथा एएसआई सुनील कुमार यादव को नीमडीह थाना अंतर्गत चालियामा पिकेट से यातायात थाना में पदस्थापित किया गया है। इसके अलावा एएसआई संदीप कुमार झा को सड़क सुरक्षा कोषांग से, एएसआई मनोज कुमार मिश्रा को कपाली ओपी से तथा एएसआई नेपाल चंद्र महतो को चांडिल थाना से स्थानांतरित कर यातायात थाना में नई जिम्मेदारी दी गई है।
अविलंब योगदान देने का निर्देश
पुलिस अधीक्षक की ओर से सभी संबंधित अधिकारियों को नए पदस्थापन स्थल पर तत्काल योगदान देने का निर्देश दिया गया है। साथ ही संबंधित थाना प्रभारियों, ओपी प्रभारियों और पुलिस केंद्र को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जिले में लगातार हो रही समीक्षा और प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाया जा सके। नई तैनाती के बाद थाना स्तर पर कार्यों में तेजी आने और ट्रैफिक नियंत्रण व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।