Ranchi News: रांची रेलमंडल से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए कल का दिन चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं. मुरी स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों और ट्रैफिक पावर ब्लॉक के कारण कुल सात महत्वपूर्ण ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह ब्लॉक शुक्रवार से शुरू हो चुका है और 9 मई तक जारी रहेगा. इस दौरान हटिया, रांची और बोकारो रूट की कई लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनें ट्रैक पर नहीं उतरेंगी, जिससे दैनिक यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है.
रद्द रहने वाली ट्रेनों की पूरी सूची
रेलवे द्वारा जारी सूचना के मुताबिक, 9 मई तक रद्द रहने वाली मुख्य ट्रेनों में हटिया-आदित्यपुर-हटिया एक्सप्रेस, हटिया-खड़गपुर-हटिया एक्सप्रेस और रांची-खड़गपुर-रांची एक्सप्रेस शामिल हैं. इसके अलावा, बोकारो स्टील सिटी-रांची मेमू, ट्रेन संख्या 58663-58664 और 58665-58666 हटिया-सांकी मेमू पैसेंजर ट्रेनें भी पूरी तरह रद्द रहेंगी. वहीं, बर्द्धमान-हटिया-बर्द्धमान मेमू को आंशिक रूप से रद्द किया गया है, जो 9 मई को गोमो और हटिया के बीच नहीं चलेगी.
दिल्ली-हावड़ा रूट: दूरंतो एक्सप्रेस में बुजुर्ग महिला की मौत
इसी बीच रेल मार्ग से एक दुखद खबर सामने आई है. गया से नई दिल्ली जा रही दूरंतो एक्सप्रेस के कोच एस-2 में सफर कर रही 66 वर्षीय बुजुर्ग महिला माया देवी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. मृतका धनबाद के मैथन क्षेत्र की रहने वाली थीं और अपने पति रामानंद प्रसाद के साथ दिल्ली जा रही थीं. कानपुर स्टेशन पार करने के बाद टॉयलेट से लौटते ही उनकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद ट्रेन में हड़कंप मच गया.
इटावा जंक्शन पर शव उतारकर कराया गया पोस्टमार्टम
रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना मिलने के बाद ट्रेन को रात करीब 3 बजकर 40 मिनट पर इटावा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 2 पर आपातकालीन स्थिति में रुकवाया गया. वहां मौजूद रेलवे डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतका के पति, जो गांव में चाय की दुकान चलाते हैं, इस अचानक हुई घटना से गहरे सदमे में हैं. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है.