BREAKING: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली थाना क्षेत्र स्थित डोबो पुल पर शुक्रवार दोपहर एक सनसनीखेज वाकया पेश आया. एक युवती ने पुल के ऊपर से सीधे स्वर्णरेखा नदी में छलांग लगा दी. गनीमत रही कि उस वक्त नदी में कुछ मछुआरे मौजूद थे. जैसे ही उन्होंने युवती को गिरते देखा, वे तुरंत युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. मछुआरों की इस जांबाजी ने एक निश्चित मौत को टाल दिया.
पुलिस की कस्टडी में युवती, साधी है गहरी चुप्पी
हादसे की जानकारी मिलते ही कपाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अपनी सुरक्षा में लेकर थाने ले आई. पुलिस के अनुसार, युवती को कोई गंभीर बाहरी चोट नहीं आई है, लेकिन वह गहरे सदमे में है. थाने लाने के बाद महिला पुलिसकर्मियों ने उससे काफी पूछताछ की, लेकिन वह कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है. उसकी इस रहस्यमयी चुप्पी ने पुलिस के लिए उसकी पहचान करना मुश्किल कर दिया है.
परिजनों की तलाश और शिनाख्त में जुटी पुलिस
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती कहां की रहने वाली है और उसने दोपहर के वक्त इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया. फिलहाल उसे सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और मेडिकल चेकअप की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. परिजनों के मिलने के बाद ही इस आत्मघाती कदम के पीछे की असली वजह साफ हो पाएगी.
पुल पर सुरक्षा को लेकर फिर खड़े हुए सवाल
स्वर्णरेखा नदी पर बने डोबो पुल से छलांग लगाने की यह पहली घटना नहीं है. स्थानीय लोगों ने एक बार फिर जिला प्रशासन से मांग की है कि पुल पर ऊंचे फेंसिंग और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं. शुक्रवार की इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अगर वहां मछुआरे मौजूद न होते, तो एक बड़ी अनहोनी हो सकती थी. पुलिस ने मछुआरों के प्रति आभार व्यक्त किया है जिनकी तत्परता से युवती की जान बच सकी.