Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-08

Adityapur Big News: सड़क किनारे कब्जा करने वालों की अब खैर नहीं, कांड्रा से आदित्यपुर तक चलेगा बुलडोजर, अवैध वसूली करने वाले सिंडिकेट पर भी कसेगा शिकंजा

Adityapur Big News: सड़क किनारे अवैध कब्जा करने वालों पर अब सरायकेला जिला प्रशासन का डंडा चलने वाला है. उपायुक्त के सख्त निर्देश के बाद कांड्रा से लेकर आदित्यपुर नगर निगम सीमा तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने की तैयारी पूरी कर ली गई है. प्रशासन का मुख्य उद्देश्य व्यस्त सड़कों को जाम मुक्त बनाना और पैदल चलने वालों के लिए सुरक्षित रास्ता सुनिश्चित करना है. इस बड़े अभियान की आहट से अवैध कब्जा जमाए लोगों में हड़कंप मचा हुआ है.



अवैध वसूली करने वाले गिरोहों पर भी होगी सीधी कार्रवाई
प्रशासन की यह कार्रवाई केवल अतिक्रमण हटाने तक सीमित नहीं रहेगी. जांच में यह बात सामने आई है कि कई इलाकों में संगठित तरीके से अवैध दुकानें लगवाई जाती हैं और गाड़ियों से अवैध वसूली की जाती है. प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि फुटपाथ पर दुकान सजवाकर हफ्ता वसूलने वाले और ट्रैफिक व्यवस्था में बाधा डालने वाले बिचौलियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

विशेष टीम को 22 मई तक रिपोर्ट सौंपने का अल्टीमेटम
गम्हरिया अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय विशेष जांच टीम का गठन किया गया है. यह टीम गम्हरिया बाजार, लाल बिल्डिंग चौक, सुधा डेयरी, अटल पार्क, एनआईटी गेट और आशियाना मोड़ जैसे अति-व्यस्त क्षेत्रों का सर्वे करेगी. टीम को 22 मई तक अपनी विस्तृत रिपोर्ट जिला मुख्यालय को सौंपने का निर्देश दिया गया है, जिसके तुरंत बाद चिन्हीकरण के आधार पर तोड़फोड़ और जब्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.



सात सदस्यीय टीम को सौंपी गई सर्वे की जिम्मेदारी
इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने के लिए अंचल अधिकारी के साथ राजस्व उप निरीक्षक अमित सरदार, सानो मुर्मू, प्रकाश हेंब्रम, राकेश आदित्यदेव, धर्मेंद्र बेसरा, सौरभ महंती और अमीन मदन भक्त को तैनात किया गया है. अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे बिना किसी दबाव के अवैध निर्माणों की सूची तैयार करें. प्रशासन के इस कड़े रुख से यह साफ है कि आने वाले दिनों में कांड्रा-आदित्यपुर मार्ग पूरी तरह से व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त नजर आएगा.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !