Seraikela: सरायकेला प्रखंड में एचपीवी टीकाकरण अभियान और आयुष्मान कार्ड ई-केवाईसी को लेकर गुरुवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी अस्मिता सिंह ने की। इस दौरान पंचायत स्तर पर अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों को तय समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
शत-प्रतिशत ई-केवाईसी और टीकाकरण पर जोर
बैठक में एमओआईसी, सीडीपीओ, बीईईओ तथा विभिन्न पंचायतों के मुखियाओं के साथ पात्र लाभुकों का शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड ई-केवाईसी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही निर्धारित आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी टीकाकरण अभियान से जोड़ने और अधिकतम लक्ष्य हासिल करने पर विशेष जोर दिया गया।
पंचायत और विद्यालय स्तर पर चलेगा जागरूकता अभियान
बीडीओ अस्मिता सिंह ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंचायतों और विद्यालयों में जागरूकता गतिविधियां चलाकर लोगों को टीकाकरण और आयुष्मान योजना के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा लाभुक अभियान से जुड़ सकें। साथ ही सभी कार्यों को समय पर पूरा करने को कहा गया।
नियमित निगरानी और लक्ष्य आधारित कार्य पर बल
बैठक में अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने और क्षेत्रवार प्रगति की लगातार समीक्षा करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करें और अभियान को लक्ष्य आधारित तरीके से सफल बनाया जाए।