Breaking News : उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में गिरफ्तार 168 आरोपियों की जमानत याचिका पर अदालत ने फैसला सुनाते हुए सभी को जमानत दे दी है। अपर न्यायायुक्त योगेश की अदालत ने आरोपियों को 20-20 हजार रुपये के दो-दो निजी मुचलके पर जमानत प्रदान की।इससे पहले मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। गौरतलब है कि 11 अप्रैल 2026 को उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में पेपर लीक के आरोप में 168 लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिनमें अधिकांश परीक्षार्थी शामिल थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया था।
तमाड़ के रड़गांव में हुई थी बड़ी छापेमारी
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि तमाड़ के रड़गांव स्थित एक अर्धनिर्मित भवन में बड़ी संख्या में लोग जमा हैं। इसके बाद विशेष छापेमारी दल ने 11 अप्रैल की देर रात वहां छापा मारा। पुलिस टीम के पहुंचते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग भागने लगे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 168 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें कथित अंतरराज्यीय पेपर लीक और सॉल्वर गैंग के सरगना अतुल वत्स, विकास कुमार, शेर सिंह, आशीष कुमार और योगेश प्रसाद भी शामिल थे। सात महिला आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया था।
10-10 लाख रुपये में हुआ था सौदा
जांच में सामने आया था कि गैंग के एजेंटों ने अभ्यर्थियों को रड़गांव में ठहराकर उन्हें प्रश्नों के उत्तर रटवाए थे। अभ्यर्थियों के मोबाइल और एडमिट कार्ड भी अपने कब्जे में रख लिए गए थे। बताया गया कि प्रत्येक अभ्यर्थी से 10 से 15 लाख रुपये तक में सौदा किया गया था। कुछ अभ्यर्थियों से बैंक चेक भी लिए गए थे।