Jamshedpur News : जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुख्यात अपराधी मनीष सिंह गैंग के सक्रिय सदस्य शैंकी गोहिल को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, घाघीडीह जेल में बंद मनीष सिंह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर शहर में दहशत फैलाने, अवैध वसूली करने और एक हत्या की साजिश रच रहा था। इसी सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई और आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में कबूला जुर्म, गैंग के पैसों का रखता था हिसाब
गिरफ्तार शैंकी गोहिल ने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार किया है। उसने बताया कि वह मनीष सिंह गिरोह का सक्रिय सदस्य है और आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने के साथ-साथ गैंग के पैसों का पूरा हिसाब-किताब भी संभालता था। पुलिस के अनुसार, वह हत्या की साजिश में भी शामिल था, हालांकि इस संबंध में वह स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। इससे पहले इस मामले में गैंग सरगना मनीष सिंह समेत दीपक सिंह और रौशन सिंह को पुलिस गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है।
मोबाइल, ब्लैंक चेक और लग्जरी गाड़ी जब्त, कई मामलों में रहा है शामिल
पुलिस ने आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन, दो एकरारनामा, 15 हस्ताक्षरयुक्त ब्लैंक चेक और एक महिंद्रा थार गाड़ी जब्त की है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा रहा है और उस पर सोनारी व गोलमूरी थाना क्षेत्रों में हत्या, हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में डीएसपी विधि-व्यवस्था तौकिर आलम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।