Bihar Breaking: बिहार की राजनीति के लिए गुरुवार, 7 मई का दिन बेहद अहम होने जा रहा है क्योंकि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार का पहला बड़ा कैबिनेट विस्तार होने जा रहा है. इस भव्य आयोजन के लिए पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
निशांत कुमार के मंत्री बनने की अटकलें हुई तेज
इस विस्तार के बीच सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इकलौते बेटे निशांत कुमार सम्राट चौधरी की कैबिनेट का हिस्सा बनेंगे. राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि निशांत कुमार इस बार मंत्री पद की शपथ लेकर अपनी सक्रिय राजनीतिक पारी की शुरुआत कर सकते हैं.
नीतीश आवास पर हुई जदयू के दिग्गज नेताओं की बैठक
सूत्रों के अनुसार, बुधवार को पटना के 7 सर्कुलर रोड स्थित पूर्व सीएम नीतीश कुमार के आवास पर जदयू के शीर्ष नेताओं की एक लंबी बैठक चली. इस महत्वपूर्ण बैठक में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और डिप्टी सीएम विजय चौधरी शामिल थे. खबर है कि पार्टी के इन वरिष्ठ नेताओं ने निशांत कुमार को राजनीति में आने के लिए मना लिया है.
कल हो सकता है शपथ ग्रहण, आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
ऐसी चर्चा है कि निशांत कुमार कल कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं, हालांकि अब तक इस पर पार्टी या सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. यदि यह चर्चा सच साबित होती है, तो बिहार की राजनीति में यह एक बड़ा बदलाव होगा और इसे जदयू के भविष्य के नेतृत्व की तैयारी के तौर पर देखा जाएगा.