Jharkhand News : गढ़वा जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खुलती नजर आ रही है। जिले में एंबुलेंस सेवा लगभग ठप हो गई है। कुल 27 एंबुलेंस में बड़ी संख्या या तो पूरी तरह खराब पड़ी हैं या सीमित दूरी तक ही चलने की स्थिति में हैं। जानकारी के अनुसार, करीब 10 एंबुलेंस पूरी तरह से खराब हैं, जिनमें रंका, डंडई, कांडी, धुरकी, रमकंडा, भवनाथपुर और सदर क्षेत्र की एंबुलेंस शामिल हैं।
कुछ एंबुलेंस सीमित दूरी तक ही चल पा रहीं, कई सिर्फ लोकल उपयोग में
करीब 7 एंबुलेंस ऐसी हैं जो खराब होने के बावजूद किसी तरह 20–30 किलोमीटर तक ही चल पा रही हैं। वहीं लगभग 8 एंबुलेंस सिर्फ स्थानीय स्तर पर ही उपयोग में लाई जा रही हैं। इतना ही नहीं, दो एंबुलेंस पिछले दो वर्षों से दुर्घटनाग्रस्त हालत में पड़ी हैं और उनकी मरम्मत तक नहीं हुई है।
जिले में एंबुलेंस की इस खराब स्थिति का सीधा असर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है। मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में भारी दिक्कत हो रही है, जिससे उनकी जान पर भी बन आ रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द खराब एंबुलेंस की मरम्मत कर व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों को समय पर इलाज मिल सके।