Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-03

Khunti Crime News: खूंटी में नशीला पदार्थ देकर चालक को किया बेहोश फिर कार लेकर फरार

Khunti: झारखंड के खूंटी जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां सुनियोजित तरीके से दो अपराधियों ने एक कार चालक को अपना शिकार बनाया। जानकारी के अनुसार, ओडिशा के अंगुल जिले के डेराजंगा, जरापाड़ा इलाके के रहने वाले दो लोगों ने एक ट्रैवल एजेंसी के माध्यम से अर्टिका कार बुक की थी। चालक दुश्मंता साहू को बताया गया था कि उन्हें रांची से लगभग 30 किलोमीटर आगे जाना है और वहां से अपने परिवार के कुछ सदस्यों को लेकर वापस ओडिशा लौटना है। इसी भरोसे के साथ चालक उन्हें लेकर रांची पहुंचा, लेकिन उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि यह यात्रा उसके लिए एक साजिश में बदल जाएगी।

रास्ते में खाना खिलाकर दिया गया नशीला पदार्थ
योजना के तहत आरोपी चालक को रिंग रोड स्थित दलादिली चौक के पास एक होटल ले गए, जहां से मीट-भात पैक कराया गया और एक अन्य दुकान से मिठाई भी खरीदी गई। इसके बाद वे तीनों चुकरू मोड़ के पास पहुंचे और पेड़ के नीचे बैठकर साथ में खाना खाने लगे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान चालक को खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया गया। खाना खत्म करने के बाद जैसे ही चालक दुश्मंता साहू कार में बैठा, उसकी हालत अचानक बिगड़ने लगी और वह कुछ ही देर में बेहोश हो गया।

बेहोशी की हालत में छोड़कर कार लेकर फरार हुए आरोपी
चालक के बेहोश होते ही अपराधियों ने मौके का फायदा उठाया। आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने पहले चालक के साथ मारपीट की और फिर उसे मृत समझकर वहीं छोड़ दिया। इसके बाद दोनों आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गए। बेहोशी की वजह से चालक को इस पूरी घटना की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं हो पाई।

स्थानीय लोगों की मदद से बची जान, अस्पताल में इलाज जारी
घटना के बाद स्थानीय लोगों की नजर जब घायल चालक पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को तत्काल खूंटी सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली है।

ड्राइवर संघ सक्रिय, पुलिस ने शुरू की जांच
इस घटना की जानकारी मिलते ही झारखंड राज्य ड्राइवर संघ भी सक्रिय हो गया और चार सदस्यीय टीम खूंटी पहुंची। टीम ने अस्पताल जाकर घायल चालक का हालचाल जाना और पूरे मामले की जानकारी ली। वहीं खूंटी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश के लिए कार्रवाई जारी है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !