Seraikela News: सरायकेला नगर पंचायत में सफाई कर्मियों की चल रही हड़ताल रविवार को समाप्त हो गई. नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की पहल से यह समाधान संभव हो सका. उन्होंने अवकाश के दिन भी हड़ताल स्थल पर पहुंचकर कर्मियों से सीधा संवाद किया और उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिया.
इस दौरान सफाई कर्मियों ने चार सूत्री मांगों से जुड़ा हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन अध्यक्ष को सौंपा. इनमें भविष्य निधि की राशि का नियमित जमा, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, श्रम कार्ड और बीमा कवरेज तथा न्यूनतम मानदेय लागू करने की मांग शामिल थी.
अध्यक्ष ने सभी मांगों को गंभीरता से लेते हुए कार्यपालक पदाधिकारी से चर्चा की और नियमों के अनुसार जल्द समाधान की दिशा में कदम उठाने का आश्वासन दिया. इसके बाद हड़ताल का नेतृत्व कर रहे दीपक मुखी सहित अन्य कर्मियों ने आंदोलन वापस लेने की घोषणा की.
कर्मियों ने कहा कि अध्यक्ष पहले से ही उनके अधिकारों और सम्मान के लिए आवाज उठाते रहे हैं. उनके आश्वासन पर भरोसा करते हुए हड़ताल समाप्त की गई है.
अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि सफाई कर्मियों की मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं और हर परिस्थिति में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं.
उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि सफाई कर्मियों के प्रति सम्मान और सहयोग का भाव रखें. खासकर गर्मी के मौसम में उन्हें पेयजल उपलब्ध कराना और उनका मनोबल बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है.
इस मौके पर उपाध्यक्ष अविनाश कवि, सिटी मैनेजर सुमित सुमन और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे.