Jamshedpur News : 2 मई 2026 को करीम सिटी कॉलेज, साकची के अंग्रेजी विभाग की साहित्यिक संस्था कला (KALA) के तत्वावधान में “फ्रेम्स टू फिक्शन” शीर्षक से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महान लेखक एवं फिल्म निर्माता सत्यजीत रे के जन्मदिवस के अवसर पर अंग्रेजी स्नातकोत्तर सेमेस्टर-3 के छात्र-छात्राओं द्वारा आयोजित किया गया।
स्किट, प्रेजेंटेशन और कहानी पाठ के जरिए राय के जीवन व कृतित्व की झलक
कार्यक्रम का उद्घाटन प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रेयाज ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने सत्यजीत रे के योगदान और उनकी कलाकृतियों को याद किया। इसके बाद अंग्रेजी विभाग के प्रो. ए.के. दास ने विषय प्रवेश कराया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्रों द्वारा प्रस्तुत “रेरिवाइंड्स” नामक स्किट से हुई। इसके बाद सौरव और स्नेहा ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से सत्यजीत राय के जीवन, लेखन, फिल्म निर्माण और उन्हें प्राप्त सम्मानों की विस्तृत जानकारी दी। छात्रा खुशी कुमारी ने उनकी प्रसिद्ध कहानी “फ्रिट्ज” का पाठ भी किया।
फिल्म प्रदर्शन के साथ हुआ समापन, कई शिक्षक रहे मौजूद
चाय अवकाश के बाद ऑडिटोरियम में सत्यजीत रे से संबंधित फिल्म “द स्टोरी टेलर” का प्रदर्शन किया गया। दिनभर चले इस कार्यक्रम का समापन शाम 5 बजे हुआ।
इस अवसर पर अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. एस.एम. यहिया इब्राहीम, डॉ. मोहम्मद मोइज अशरफ, डॉ. पी.सी. बनर्जी, डॉ. नेहा तिवारी, डॉ. साकेत कुमार, प्रो. मोहम्मद ईसा समेत कई शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजक प्रो. ए.के. दास और डॉ. बसुधरा राय थे।