Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-02

Ranchi News: राजधानी में बाइक-कट्टा गिरोह का तांडव, स्टेशनों और बस स्टैंडों के पास राहगीरों से कर रहे लूटपाट

Ranchi News: रांची की सड़कों पर इन दिनों एक शातिर बाइक-कट्टा गिरोह का आतंक छाया हुआ है, जो रात के अंधेरे में राहगीरों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन गया है. इस गिरोह के अपराधी एक बाइक पर सवार होकर निकलते हैं और रेलवे स्टेशनों तथा प्रमुख बस स्टैंडों जैसे खादगढ़ा, रातू रोड और बूटी मोड़ के आसपास शिकार तलाशते हैं. जैसे ही इन्हें कोई पैदल या दोपहिया वाहन पर सवार अकेला व्यक्ति सुनसान जगह पर मिलता है, ये कट्टा सटाकर उनसे मोबाइल और नकदी लूट लेते हैं.

पुलिस को चकमा देने के लिए अपनाते हैं अजीब हथकंडे
हाल ही में कांटाटोली फ्लाइओवर के नीचे एक बाइक सवार का पीछा करते हुए अपराधियों ने पुलिस से बचने के लिए बेहद चालाकी दिखाई. जब खेलगांव चौक के पास पुलिस की गश्ती गाड़ी सायरन बजाते हुए गुजरी, तो ये अपराधी सड़क किनारे बाइक लगाकर लघुशंका का नाटक करने लगे. इस नाटक की वजह से पुलिसकर्मियों को उन पर कोई संदेह नहीं हुआ और वे पकड़े जाने से बच निकले.

छोटी रकम के कारण पुलिस तक नहीं पहुंच रहे मामले
अपराधियों के बढ़ते हौसलों के पीछे एक बड़ी वजह पीड़ितों का थाने न जाना भी है. कोकर के चुन्ना भट्टा के पास तीन दिन पहले एक व्यक्ति से 350 रुपये और मोबाइल की लूट हुई, जिसमें विरोध करने पर अपराधी मोबाइल फेंक कर भाग गए. पीड़ित ने केवल 350 रुपये के लिए पुलिस के लफड़े में पड़ना जरूरी नहीं समझा, जिसका फायदा ऐसे गिरोह उठा रहे हैं.

रंगेहाथ पकड़ने के लिए पुलिस ने बिछाया जाल
रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पदाधिकारियों को गिरोह की पहचान और धरपकड़ के काम में लगाया है. हालांकि अभी तक इस गिरोह का कोई भी सदस्य पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है, लेकिन पुलिस की टीमें इन्हें रंगेहाथ दबोचने के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं. प्रशासन ने लोगों से रात के समय सतर्क रहने की अपील की है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !