Jharkhand News : क्षेत्र को गंदगी मुक्त और बीमारियों से सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से “स्वच्छ गोविंदपुर, स्वस्थ गोविंदपुर” अभियान के तहत एक वृहद सफाई अभियान चलाया गया। जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह और पंचायत समिति सदस्य सतवीर सिंह बग्गा के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस पहल में कई टन पुराने कचरे का निस्तारण किया गया।
जेसीबी और हाईवा की मदद से चला विशेष अभियान, प्रमुख इलाकों की हुई सफाई
गंदगी की गंभीर स्थिति को देखते हुए इस बार केवल मानव श्रम के बजाय जेसीबी और हाईवा वाहनों का इस्तेमाल किया गया। घंटों चले अभियान में छोटा गोविंदपुर हाट बाजार, मुख्य सड़क किनारे, डबल स्टोरी क्षेत्र, हनुमान मंदिर के पास जमा कचरा और सामुदायिक विकास मैदान जैसे इलाकों को प्राथमिकता देकर साफ किया गया।
अभियान के दौरान कचरे के बड़े-बड़े ढेर हटाए गए, जिससे लंबे समय से बनी गंदगी से लोगों को राहत मिली और आसपास का वातावरण साफ-सुथरा हुआ।
मलेरिया-डेंगू रोकथाम पर जोर, लोगों से सहयोग की अपील
डॉ. परितोष सिंह ने कहा कि मानसून के दौरान यह क्षेत्र अक्सर मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों का केंद्र बन जाता है, इसलिए यह सफाई अभियान जनस्वास्थ्य की दृष्टि से बेहद जरूरी है। वहीं सतवीर सिंह बग्गा ने लोगों से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए प्रशासन से नियमित कचरा उठाव और ऐसे अभियानों की निरंतरता बनाए रखने की मांग की है।