Dhanbad News: धनबाद और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार होने जा रहा है. भारत कोकिंग कोल लिमिटेड ने 200 बेड वाले सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के निर्माण की घोषणा की है. इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 350 करोड़ रुपये रखी गई है.
बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने इस परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है. अस्पताल बनने के बाद मरीजों को गंभीर इलाज के लिए रांची, कोलकाता या वेल्लोर जैसे बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. उन्हें एक ही जगह उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
इस अस्पताल में कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ऑन्कोलॉजी और गैस्ट्रोएंटरोलॉजी जैसे विभाग स्थापित किए जाएंगे, ताकि गंभीर बीमारियों का इलाज स्थानीय स्तर पर ही संभव हो सके.
करीब 12 एकड़ जमीन पर बनने वाले इस अस्पताल से धनबाद के साथ गिरिडीह, जामताड़ा और बोकारो जिले के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा.
परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए मई के पहले सप्ताह में एक उच्च स्तरीय कमेटी गठित की जाएगी. यह कमेटी जमीन चयन और तकनीकी पहलुओं का आकलन करेगी.
अस्पताल के संचालन के लिए पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर विचार किया जा रहा है. कोल इंडिया से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.