Kapali News: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में शुक्रवार अहले सुबह पुलिस ने पशु तस्करी के एक अनोखे मामले का भंडाफोड़ किया है. कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में कमारगोड़ा चौक पर तड़के 5 बजे एंटी क्राइम चेकिंग चल रही थी. इसी दौरान एक सफेद रंग की महिंद्रा XUV 7XO गाड़ी (JH05BT-0573) पुलिस को देख तेजी से भागने लगी. पुलिस ने संदेह होने पर तुरंत वाहन का पीछा शुरू कर दिया, जिससे तस्करों में हड़कंप मच गया.
अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर फरार, पुलिस ने बरामद कीं गायें
पुलिस को पीछे आता देख तस्कर ने खुद को घिरा हुआ पाया और डेमडुब्बी इलाके में सड़क किनारे गाड़ी छोड़ दी. अंधेरे का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार होने में सफल रहा. जब पुलिस ने लावारिस खड़ी लग्जरी गाड़ी की तलाशी ली, तो उसके अंदर का नजारा देख अधिकारी दंग रह गए. गाड़ी के भीतर चार गायें ठूंस-ठूंस कर भरी गई थीं, जो बेहद अस्वस्थ हालत में थीं.
पशु चिकित्सकों की देखरेख में सुरक्षित पहुंचाई गई गायें
पुलिस ने स्थानीय नागरिकों के सहयोग से सभी गायों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जहां वर्तमान में पशु चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है. आशंका जताई जा रही है कि इन पशुओं को किसी अवैध काम के लिए तस्करी कर ले जाया जा रहा था. लग्जरी वाहन का इस्तेमाल इसलिए किया गया था ताकि किसी को पुलिस चेकिंग के दौरान शक न हो, लेकिन मुस्तैद जवानों ने इस योजना को फेल कर दिया.
गाड़ी के नंबर से मालिक की तलाश, छापेमारी जारी
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त XUV को जब्त कर लिया है और अब परिवहन विभाग के डेटा के जरिए गाड़ी के मालिक और फरार चालक की पहचान की जा रही है. पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि क्षेत्र में क्या कोई बड़ा संगठित गिरोह इस तरह की तस्करी को अंजाम दे रहा है. फिलहाल, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.