Jamshedpur News: जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित "दर्पण प्योर वेज" रेस्टोरेंट में गुरुवार की रात एक शर्मनाक घटना सामने आई. जमशेदपुर निवासी श्याम शर्मा अपनी शादी की सालगिरह के अवसर पर पत्नी और बच्चों के साथ डिनर करने गए थे. मारवाड़ी ब्राह्मण परिवार से ताल्लुक रखने वाले और शाकाहारी भोजन के प्रति सख्त श्याम शर्मा उस समय दंग रह गए जब उनके खाने के अचार में मरा हुआ तेलचट्टा (कॉकरोच) मिला.
मैनेजर की अनुपस्थिति और स्टाफ का गैर-जिम्मेदाराना जवाब
भोजन में गंदगी मिलने पर जब श्याम शर्मा ने रेस्टोरेंट प्रबंधन से शिकायत की, तो स्टाफ का व्यवहार बेहद संवेदनहीन रहा. मैनेजर ने बाहर आकर बात करने के बजाय व्यस्त होने का बहाना बनाकर टालमटोल की. वहीं, मौजूद कर्मचारियों ने इसे एक छोटी घटना बताते हुए कहा कि "सिर्फ अचार ही तो है, इसे बदल देंगे". जब पीड़ित ने पूछा कि यदि मुख्य भोजन में कॉकरोच निकलता तो क्या होता, तो स्टाफ ने लापरवाही से जवाब दिया कि "उसे भी बदल देंगे".
बहस के बाद खाना छोड़कर निकले ग्राहक
स्टाफ के इस रवैये से रेस्टोरेंट में मौजूद अन्य ग्राहक भी सहम गए. कर्मचारियों की बातों से यह शक गहरा गया कि शायद इस होटल की रसोई में स्वच्छता मानकों की अनदेखी पहले भी होती रही है. घटना के दौरान काफी देर तक बहस होती रही, लेकिन प्रबंधन की ओर से कोई ठोस समाधान या माफी पेश नहीं की गई. अंततः, शर्मा परिवार और वहां मौजूद कई अन्य लोग बिना खाना खाए ही रेस्टोरेंट से बाहर चले गए.
स्वच्छता और आस्था पर सवाल
बिष्टुपुर जैसे पॉश इलाके के एक "प्योर वेज" रेस्टोरेंट में इस तरह की लापरवाही ने शहर के लोगों के बीच चिंता बढ़ा दी है. शर्मा परिवार के लिए यह अनुभव न केवल मानसिक रूप से परेशान करने वाला रहा, बल्कि उनकी आस्था को भी ठेस पहुंची है. स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग से ऐसे होटलों की रसोई की नियमित जांच करने की मांग की है