Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में कुख्यात नक्सली इजराइल पूर्ति को मार गिराया है। संगाजटा सासंग साल गांव का रहने वाला इजराइल पूर्ति लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर जंगल क्षेत्र में विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
फायरिंग में मारा गया इनामी नक्सली, कई मामलों में था शामिल
सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच अचानक आमना-सामना हो गया, जिसके बाद दोनों ओर से जमकर फायरिंग शुरू हो गई। इसी मुठभेड़ में इजराइल पूर्ति मारा गया। बताया जा रहा है कि वह कई नक्सली घटनाओं में शामिल रहा था और सुरक्षा एजेंसियों की हिट लिस्ट में शामिल था। उसके मारे जाने को नक्सली नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
मौके से हथियार बरामद, इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है, ताकि बाकी नक्सलियों को भी पकड़ने या उनके मंसूबों को नाकाम किया जा सके। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस कार्रवाई को एक बड़ी सफलता मान रही हैं और आगे भी इस तरह के अभियान जारी रखने की बात कह रही हैं।