Homemade Chaat Masala: कई बार ऐसा होता है कि घर का खाना स्वाद में थोड़ा फीका लगने लगता है. लेकिन जैसे ही उस पर बाजार वाला चाट मसाला पड़ता है, वही खाना एकदम मजेदार हो जाता है. अगर आप भी वही चटपटा स्वाद घर पर पाना चाहते हैं, तो अब यह काम आसान है. आप खुद घर पर काला चाट मसाला तैयार कर सकते हैं.
अलग होता है काले चाट मसाले का स्वाद
बाजार में मिलने वाला काला चाट मसाला साधारण मसालों से थोड़ा अलग होता है. इसकी खासियत इसका रोस्टिंग प्रोसेस है. मसालों को सही तापमान पर भूनने से उनका स्वाद और खुशबू दोनों गहरे हो जाते हैं. पुदीना हल्की ठंडक देता है, अमचूर खटास लाता है और बाकी मसाले मिलकर एक बैलेंस फ्लेवर तैयार करते हैं. यही वजह है कि इसका रंग भी गहरा और स्वाद ज्यादा तीखा लगता है.
घर पर बनाने का आसान तरीका
अगर आप इसे घर पर बनाना चाहते हैं, तो सबसे पहले पुदीने की पत्तियों को साफ करके सूखा लें और हल्का भून लें. इसके बाद जीरा, धनिया, काली मिर्च, लाल मिर्च और अजवाइन को अलग अलग धीमी आंच पर भूनें. ध्यान रखें कि मसाले जलें नहीं, बस हल्की खुशबू आने तक ही भूनें. काला नमक भी थोड़ा सा गर्म करने से उसका स्वाद बेहतर हो जाता है. जब सारे मसाले ठंडे हो जाएं, तब इन्हें अमचूर पाउडर और थोड़ी सी साइट्रिक एसिड के साथ पीस लें. तैयार मसाले को एयरटाइट डिब्बे में रख दें.
किन चीजों के साथ करेगा कमाल
यह मसाला सिर्फ चाट तक सीमित नहीं है. आप इसे सलाद, फल, दही, रायता या छाछ में डाल सकते हैं. यह खाने का स्वाद तुरंत बढ़ा देता है. साथ ही इसमें मौजूद मसाले पाचन को भी बेहतर बनाने में मदद करते हैं.
अब आपको बाजार पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है. घर पर बना यह काला चाट मसाला स्वाद के साथ साथ सेहत का भी ध्यान रखता है. अगली बार जब कुछ स्पेशल खाने का मन हो, तो बस एक चुटकी इस मसाले की डालें और अपने खाने को नया ट्विस्ट दें.