Jharkhand News: झारखंड के ग्रामीण इलाकों में वित्तीय सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए डाक विभाग ने नई व्यवस्था शुरू की है. इस पहल के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को डाक सेवाओं से जोड़ा जाएगा, ताकि गांव-गांव तक बैंकिंग और डाक सुविधाएं आसानी से पहुंच सकें. इसके साथ ही महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता का नया अवसर भी मिलेगा.
इस योजना में हर स्वयं सहायता समूह से एक महिला का चयन किया जाएगा, जिसे डाक सखी की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. यह महिला अपने क्षेत्र में डाक विभाग और ग्रामीणों के बीच संपर्क सूत्र के रूप में काम करेगी. डाक सखी लोगों को डाकघर की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें सीधे लाभ से जोड़ेगी.
डाक सखी की मदद से ग्रामीणों को डाकघर में बचत खाता खुलवाने, बीमा योजनाओं का लाभ लेने, आवेदन प्रक्रिया पूरी करने और अन्य वित्तीय सेवाओं की जानकारी आसानी से मिलेगी. इससे लोगों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूर के डाकघर या बैंक का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा.
डाक विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से गांवों में वित्तीय जागरूकता बढ़ेगी और सेवाओं की पहुंच मजबूत होगी. खासकर महिलाओं के लिए यह योजना आर्थिक रूप से सशक्त बनने का माध्यम बनेगी, क्योंकि डाक सखी के रूप में उन्हें आय का अवसर भी मिलेगा.
ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण को साथ लेकर चलने वाली इस पहल को डाक विभाग की एक महत्वपूर्ण योजना माना जा रहा है, जो आने वाले समय में गांवों की आर्थिक व्यवस्था को और मजबूत करेगी.