Giridih: गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुनिया में सोमवार की रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां डीजे वाहन पर डांस कर रहे एक युवक की गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बगोदर प्रखंड के घाघरा गांव निवासी चेतलाल महतो के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चेतलाल चल रहे डीजे वाहन पर चढ़कर नाच रहे थे, इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े। गिरने के बाद उनके सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग घबरा गए।
इलाज के दौरान ट्रॉमा सेंटर में हुई मौत
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल चेतलाल महतो को इलाज के लिए बगोदर स्थित ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि सिर में गहरी चोट लगने के कारण उनकी हालत बेहद नाजुक बनी रही और इलाज के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस की जांच जारी
जिसके बाद बगोदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि डीजे वाहन किसका था और हादसे के पीछे किस स्तर पर लापरवाही हुई।