Seraikela News: सरायकेला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समेकित जनजाति विकास अभिकरण (ITDA) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण और विभिन्न भवन निर्माण योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई.
उपायुक्त ने वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के अंतर्गत छात्रवृत्ति भुगतान की स्थिति की जांच करते हुए निर्देश दिया कि उपलब्ध आवंटन के अनुसार सभी पात्र छात्र-छात्राओं को समय पर छात्रवृत्ति मिले. उन्होंने कहा कि किसी भी योग्य लाभार्थी को योजना के लाभ से वंचित नहीं रखा जाना चाहिए.
साइकिल वितरण योजना की समीक्षा के दौरान शेष बचे लाभुकों को जल्द साइकिल उपलब्ध कराने और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया गया. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को वितरण कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया.
बैठक में सरना-जाहेरथान, आदिवासी कला एवं संस्कृति भवन, बहुद्देशीय भवन, धूमकुड़िया और मांझी थान भवन निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने और जिन अंचलों से प्रस्ताव लंबित हैं, वहां से जल्द प्रस्ताव प्राप्त कर विभाग को भेजने को कहा.
वित्तीय वर्ष 2024-25 में स्वीकृत योजनाओं के भौतिक सत्यापन की समीक्षा करते हुए लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया गया. उन्होंने विभागीय योजनाओं का गांव स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर बल दिया, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके.
पीएम जनमन योजना के तहत लक्षित परिवारों की पहचान कर समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से लाभ पहुंचाने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए.
बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी गोपी उरांव, सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा.