Ranchi News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को रांची स्थित बिरसा मुंडा हवाई अड्डा परिसर में निर्माणाधीन स्टेट हैंगर और उससे जुड़े आधारभूत ढांचे के कार्यों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता नियंत्रण और समयबद्धता की विस्तृत समीक्षा की.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों और तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं. उन्होंने कहा कि राज्य के सतत विकास के लिए आधुनिक और मजबूत आधारभूत संरचनाओं का निर्माण बेहद जरूरी है. ऐसी परियोजनाएं न केवल प्रशासनिक कार्यक्षमता को मजबूत करती हैं, बल्कि राज्य की प्रगतिशील छवि को भी सशक्त बनाती हैं.
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण प्रक्रिया में नवीनतम तकनीकों, बेहतर संसाधनों और प्रभावी प्रबंधन के उपयोग पर विशेष जोर दिया. उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की शिथिलता से बचने का निर्देश दिया.
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए.
इस अवसर पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव अरवा राजकमल समेत अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, प्रगति रिपोर्ट और आगे की कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी.