Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिला में उद्योग केंद्र की ओर से गुरुवार को आदित्यपुर स्थित होटल नोवांता के सभागार में RAMP योजना के तहत महिला नेतृत्व वाले उद्यमों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला स्तरीय अभिविन्यास कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला उद्यमियों ने भाग लेकर इसे सफल बनाया।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ, अधिकारी रहे मौजूद
कार्यशाला का उद्घाटन जियाडा के रीजनल डेप्युटी डायरेक्टर दिनेश रंजन, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक रवि शंकर प्रसाद, अग्रणी जिला प्रबंधक वरुण चौधरी और नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक चंदना मिश्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस कार्यक्रम में अधिकारियों ने महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया गया।
उद्यम स्थापना से बाजार तक की दी गई अहम जानकारी
रांची से आई RAMP योजना की विशेषज्ञ इशा सिंह और आदिती ने महिला उद्यमियों को उद्यम स्थापना, संचालन, विस्तार, वित्तीय प्रबंधन और बाजार से जुड़ाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत मिलने वाली वित्तीय व तकनीकी सहायता के बारे में भी जागरूक किया गया।
स्वरोजगार और सशक्तिकरण पर फोकस, महिलाओं को किया प्रेरित
कार्यशाला में महिला उद्यमिता को मजबूत करने, स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार बढ़ाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। महिला उद्यमियों को अपने व्यवसाय का पंजीकरण कराने, वित्तीय संस्थानों से जुड़ने और बाजार तक पहुंच बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। महाप्रबंधक रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।