Jharkhand: झारखंड में जैक बोर्ड की 10वीं परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है, जिसमें इस बार गुमला जिला पूरे राज्य में अव्वल रहा है। गुमला के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.32 प्रतिशत सफलता दर हासिल की है। जिले से कुल 13 हजार 760 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 13 हजार 667 छात्र सफल घोषित किए गए। इस बेहतरीन प्रदर्शन के साथ गुमला ने सभी जिलों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि दूसरे स्थान पर दुमका और तीसरे स्थान पर पाकुड़ जिला रहा।
पूर्वी सिंहभूम चौथे स्थान पर, रांची 15वें नंबर पर
वहीं, पूर्वी सिंहभूम जिला इस बार चौथे स्थान पर रहा है, जहां 21 हजार 181 परीक्षार्थियों में से 20 हजार 762 छात्र सफल हुए हैं, जिससे जिले का कुल परिणाम 98.02 प्रतिशत रहा। दूसरी ओर राजधानी रांची का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा और वह 15वें स्थान पर पहुंच गया। रांची से 32 हजार 549 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 3 हजार 841 छात्र पास हुए, जिससे कुल सफलता प्रतिशत 94.70 दर्ज किया गया।
कोल्हान क्षेत्र का प्रदर्शन मिला-जुला
कोल्हान क्षेत्र की बात करें तो सरायकेला-खरसावां जिला इस सूची में 12वें स्थान पर रहा है। यहां 11 हजार 652 छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया था, जिनमें से 11 हजार 112 सफल हुए और जिले का परिणाम 95.36 प्रतिशत रहा। वहीं पश्चिमी सिंहभूम जिला 17वें स्थान पर रहा, जहां 15 हजार 394 परीक्षार्थियों में से 14 हजार 579 छात्र पास हुए, जिससे सफलता प्रतिशत 94.70 रहा।
चतरा सबसे पीछे, राज्य का कुल परिणाम 95.27 प्रतिशत
इस बार मेरिट सूची में चतरा जिला सबसे नीचे रहा है। चतरा से 17 हजार 577 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 16 हजार 31 छात्र सफल हुए और जिले का परिणाम 91.20 प्रतिशत रहा। पूरे झारखंड से इस वर्ष 4 लाख 22 हजार 109 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 4 लाख 2 हजार 178 छात्र सफल घोषित किए गए। इस प्रकार राज्य का कुल परिणाम 95.27 प्रतिशत रहा, जो कि एक संतोषजनक प्रदर्शन माना जा रहा है।