Dhanbad News: धनबाद में हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस पर पथराव करने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल RPF ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी को स्टेशन के आउटर सिग्नल के पास ट्रैक पर संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया.
पथराव की घटना से जुड़ा आरोपी, भागने की तैयारी में था
गिरफ्तार युवक की पहचान वासेपुर आरा मोड़ निवासी फैजान अंसारी के रूप में हुई है. आरपीएफ के अनुसार, 6 मार्च को धनबाद स्टेशन से खुलने के बाद राजधानी एक्सप्रेस के थर्ड एसी कोच (A-4) के बर्थ नंबर 17 का शीशा पथराव में क्षतिग्रस्त हुआ था. जांच के दौरान आरोपी की संलिप्तता सामने आई. पकड़े जाने के वक्त वह धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस से भागने की योजना बना रहा था और ट्रैक के पास पत्थर के साथ बैठा मिला. आशंका है कि वह फिर किसी ट्रेन पर पथराव करने की फिराक में था.
पूछताछ में कबूल किया जुर्म, पहले भी जा चुका है जेल
पूछताछ में आरोपी ने नशे की हालत में ट्रेनों पर पत्थर फेंकने की बात स्वीकार की. आरपीएफ के अनुसार, वह पहले भी रेलवे की बैटरी चोरी के मामले में जेल जा चुका है. गिरफ्तारी के बाद उसे रेल न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
आरपीएफ की इस कार्रवाई से रेलवे सुरक्षा को लेकर सतर्कता का संकेत मिला है. लगातार निगरानी से ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने की कोशिश की जा रही है.