Jamshedpur News : जुगसलाई थाना क्षेत्र के रंग गेट के पास गुरुवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। सरायकेला से शादी समारोह में शामिल होकर सरजामदा लुपुंगटोला लौट रहे परिवार की कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, जिससे कार में सवार कई लोग घायल हो गए।
चालक को झपकी आने से हादसे की आशंका, दो की हालत गंभीर, पुलिस जांच में जुटी
मिली जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। तेज रफ्तार कार पहले एक बाइक सवार दंपति को अपनी चपेट में लेती हुई पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बाइक सवार दंपति को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
वहीं कार में सवार बुजुर्ग, महिला और बच्चे समेत परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। घायलों में रेलवे के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी भी शामिल हैं, जिन्हें तत्काल रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवार के दो सदस्यों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही और झपकी हादसे का कारण मानी जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सतर्क ड्राइविंग की अहमियत को उजागर करता है, खासकर लंबी यात्रा या देर रात वाहन चलाने के दौरान।