RR Vs LSG Match Review: राजस्थान रॉयल्स ने शानदार गेंदबाजी के दम पर लखनऊ सुपर जायंट्स को उनके ही घर में 40 रनों से हराकर जोरदार वापसी की। लगातार दो हार के बाद राजस्थान के लिए यह जीत बेहद अहम थी, जबकि लखनऊ की टीम को लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा। मुकाबले में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 159 रन बनाए, जिसके जवाब में लखनऊ की पूरी टीम 119 रनों पर सिमट गई।
शुरुआती झटकों से लड़खड़ाई राजस्थान की पारी
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनने वाले कप्तान ऋषभ पंत का फैसला शुरुआती ओवरों में सही साबित हुआ। मोहम्मद शमी ने लगातार दो गेंदों पर यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल को आउट कर मैच में रोमांच ला दिया। कुछ ही देर में राजस्थान ने 4 विकेट गंवा दिए और टीम मुश्किल में दिखने लगी।
जडेजा-हेटमायर की साझेदारी ने बदला मैच का रुख
मिडिल ऑर्डर में शिमरॉन हेटमायर और रवींद्र जडेजा ने जिम्मेदारी संभाली। हेटमायर के आउट होने के बाद जडेजा ने आक्रामक तेवर अपनाए और अंत के ओवरों में तेजी से रन बटोरते हुए टीम को 159 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
लखनऊ की बल्लेबाजी फेल, आर्चर ने मचाया कहर
लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और तीन बल्लेबाज खाता खोले बिना आउट हो गए। मिचेल मार्शने 55 रनों की पारी खेलकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन बाकी बल्लेबाज टिक नहीं सके। राजस्थान के लिए जोफ्रा आर्चर ने 3 विकेट झटके, जबकि नांद्रे बर्गर और अन्य गेंदबाजों ने बेहतरीन सहयोग देकर टीम को 40 रनों से जीत दिलाई।