Chatra: चतरा जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक और अहम सफलता हाथ लगी है। कुन्दा थाना क्षेत्र के टिटही भरगांव में छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध गीला अफीम बरामद किया है। इस कार्रवाई में एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया, जो अपने ही घर से नशे का अवैध कारोबार संचालित कर रहा था। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पूरी तरह गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसके बाद त्वरित रूप से टीम गठित कर छापेमारी की गई।
घर से मिला अफीम का बड़ा जखीरा, आरोपी गिरफ्तार
एसपी अनिमेश नैथानी ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि टिटही भरगांव निवासी नंदकिशोर गंझू अपने घर में अवैध अफीम छिपाकर रखे हुए हैं और उसे बाहर भेजने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने के बाद सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहब के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई, जिसने मौके पर पहुंचकर आरोपी के घर छापा मारा। छापेमारी के दौरान घर से 3 किलो 264 ग्राम गीला अफीम बरामद किया गया और मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों की कीमत, अभियान जारी
पुलिस के अनुसार बरामद किए गए अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 16 लाख रुपये आंकी गई है। एसपी ने साफ तौर पर कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और “ड्रग-फ्री चतरा” अभियान के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि नशे के इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए पुलिस पूरी तरह सक्रिय है।