Jharkhand Board Update: झारखंड बोर्ड के लाखों छात्रों के लिए अब वो घड़ी करीब है, जिसका वे लंबे समय से इंतजार कर रहे थे. मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का रिजल्ट 23 अप्रैल को जारी होने की पूरी संभावना है. कॉपियों की जांच लगभग पूरी हो चुकी है और बोर्ड रिजल्ट जारी करने की अंतिम तैयारियों में जुटा है.
कल प्रेस कॉन्फ्रेंस में हो सकती है घोषणा, लाखों छात्रों की नजर एक ही अपडेट पर टिकी
सूत्रों के मुताबिक, झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) रिजल्ट को प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए जारी करेगा. जैसे ही घोषणा होगी, आधिकारिक वेबसाइट पर रिजल्ट का लिंक एक्टिव कर दिया जाएगा. इस साल करीब 7 लाख छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें 10वीं के लगभग 4.3 लाख और 12वीं के 3 लाख से ज्यादा छात्र हैं. फरवरी में आयोजित हुई इन परीक्षाओं के बाद से ही छात्र अपने रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं.
ऐसे चेक कर पाएंगे आप अपना रिजल्ट
रिजल्ट जारी होते ही jacresults.com और jac.jharkhand.gov.in पर जाकर छात्र अपना स्कोर देख सकेंगे. इसके लिए रोल कोड और रोल नंबर जरूरी होगा. हर साल की तरह इस बार भी भारी ट्रैफिक के कारण वेबसाइट स्लो हो सकती है, इसलिए बार-बार रिफ्रेश करने के बजाय थोड़ा इंतजार करना बेहतर रहेगा. जरूरत पड़ने पर डिजिलॉकर का विकल्प भी मौजूद है, जहां से डिजिटल मार्कशीट आसानी से डाउनलोड की जा सकती है.
पास होने के लिए हर विषय 33% लाना है जरुरी
बोर्ड परीक्षा में पास होने के लिए हर विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक जरूरी हैं. अगर किसी छात्र का एक या दो विषय में नंबर कम आता है, तो उसे सप्लीमेंट्री परीक्षा का मौका मिलेगा. 12वीं के साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स-तीनों स्ट्रीम के रिजल्ट एक साथ या अलग-अलग जारी हो सकते हैं, इस पर अंतिम फैसला बोर्ड की घोषणा में साफ होगा.
रिजल्ट के बाद ही 10वीं के छात्र अपने करियर की दिशा-साइंस, कॉमर्स या आर्ट्स चुनेंगे, इसलिए इस नतीजे का महत्व और भी बढ़ जाता है. रिजल्ट सिर्फ अंक नहीं, बल्कि आगे की राह तय करने का पहला बड़ा कदम होता है. ऐसे में छात्रों के लिए जरूरी है कि वे घबराहट से दूर रहें, सही जानकारी पर भरोसा करें और धैर्य के साथ अपना रिजल्ट देखें. कल का दिन कई छात्रों के लिए नई शुरुआत लेकर आने वाला है.