Jharkhand News : रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरपुर स्थित शिवशंकर ज्वेलर्स में मंगलवार को दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात सामने आई। जानकारी के अनुसार, पांच की संख्या में हथियारबंद बदमाश दुकान में घुस गए और दुकानदार को हथियार के बल पर बंधक बनाकर लाखों रुपये के जेवरात लूट लिए।हालांकि लूट की सटीक रकम और जेवरात की मात्रा की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने एक बैग में सोने-चांदी के आभूषण रखकर अपने साथ ले जाने की बात कही है।
स्थानीय लोगों की सतर्कता से दो आरोपी पकड़े गए, भीड़ ने की पिटाई
घटना के दौरान दुकानदार और स्थानीय लोगों की सक्रियता से हालात बदल गए। दो लुटेरों को मौके पर ही पकड़ लिया गया, लेकिन पुलिस पहुंचने से पहले आक्रोशित भीड़ ने उनकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे एक आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं तीन अन्य बदमाश मौके से फरार होने में सफल रहे।
पुलिस ने पिस्तौल बरामद की, फरार आरोपियों की तलाश जारी
सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटनास्थल से एक पिस्तौल भी बरामद की गई है। घायल दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
डॉक्टरों के अनुसार दोनों के सिर पर गंभीर चोटें हैं, लेकिन वे खतरे से बाहर हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और फरार तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान जारी है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।