Jharkhand News : JSSC द्वारा आयोजित माध्यमिक आचार्य नियुक्ति परीक्षा को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया है कि उर्दू विषय के प्रश्नपत्र में करीब 32 प्रश्न और उनके उत्तर गलत थे, जिससे हजारों परीक्षार्थियों का भविष्य प्रभावित हो सकता है।इस मुद्दे को लेकर अभ्यर्थियों ने रांची स्थित आयोग मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और आंसर-की में सुधार की मांग उठाई।
प्रोविजनल आंसर-की में त्रुटि के बावजूद जारी हुई फाइनल कुंजी
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रोविजनल आंसर-की में ही बड़ी संख्या में गलतियां थीं। उन्होंने साक्ष्य के साथ आपत्ति भी दर्ज कराई, लेकिन इसके बावजूद बिना सुधार के फाइनल आंसर-की जारी कर दी गई।
इसके अलावा कई अभ्यर्थियों ने यह भी आरोप लगाया कि हजारों उम्मीदवारों की उत्तर कुंजी जारी ही नहीं की गई, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
CM से हस्तक्षेप की मांग, एक्सपर्ट टीम गठित करने की अपील
अभ्यर्थियों और छात्र संगठनों ने इस मामले में मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेषज्ञों की टीम गठित की जाए और त्रुटियों को सुधार कर नई फाइनल आंसर-की जारी की जाए।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।