Jharkhand News : गोड्डा जिले में बालू घाटों पर अब तक वैध खनन शुरू नहीं होने को लेकर कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि जिले के कई प्रमुख घाटों की नीलामी पहले ही हो चुकी है, इसके बावजूद बालू का वैध उठाव शुरू नहीं किया गया है, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।प्रदीप यादव ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए खान एवं भूतत्व विभाग के सचिव और निदेशक को पत्र लिखकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने सवाल उठाया कि जब बिडर को क्लीयरेंस और पर्यावरणीय मंजूरी मिल चुकी है, तो खनन शुरू करने में देरी क्यों हो रही है।
नीलामी के बावजूद खनन शुरू नहीं, विभागीय प्रक्रिया पर उठे सवाल
विधायक ने कहा कि समय पर खनन शुरू नहीं होने से अवैध बालू उठाव को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने अविलंब लीगल माइनिंग शुरू कराने की मांग की, ताकि अवैध कारोबार पर रोक लगाई जा सके और राजस्व की हानि रोकी जा सके।
इस संबंध में उन्होंने जिले के उपायुक्त को भी पत्र लिखा और विभागीय अधिकारियों से बातचीत की।
तकनीकी कारणों से देरी, जल्द सर्वे के बाद शुरू होगा वैध खनन
वहीं, खान एवं भूतत्व विभाग के निदेशक राहुल सिन्हा ने विधायक को आश्वस्त किया है कि देरी एक तकनीकी कारण से हो रही है। बिडर को कितनी मात्रा में बालू उठाव की अनुमति दी जाएगी, इसके लिए असेसमेंट रिपोर्ट तैयार की जानी बाकी है।
अधिकारियों के अनुसार, दुमका से टीम जल्द सर्वे के लिए भेजी जाएगी और रिपोर्ट मिलने के बाद करीब एक सप्ताह के भीतर लीगल खनन शुरू कर दिया जाएगा। तब तक अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए घाटों पर पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदीप यादव ने विभाग की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि समय पर खनन शुरू होने से न सिर्फ सरकारी राजस्व बढ़ेगा, बल्कि अवैध बालू कारोबार पर भी लगाम लगेगी।