Bhoot Bangala Collection: हॉरर और कॉमेडी के मिश्रण के साथ सिनेमाघरों में उतरी "भूत बंगला" से ट्रेड को बेहतर ओपनिंग की उम्मीद थी, लेकिन शुरुआती आंकड़े कुछ अलग कहानी बयान कर रहे हैं. फिल्म ने पेड प्रीव्यू में ठीक-ठाक शुरुआत की, लेकिन रिलीज के पहले दिन इसकी रफ्तार उम्मीद के मुताबिक तेज नहीं दिखी.
पेड प्रीव्यू से मिली शुरुआती बढ़त, लेकिन डे-1 पर सुस्ती
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज से पहले पेड प्रीव्यू के जरिए लगभग 3.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. हालांकि, पहले दिन की कमाई की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी रही. दोपहर तक आए शुरुआती आंकड़ों के अनुसार फिल्म करीब 2.76 करोड़ रुपये तक ही पहुंच पाई, जो अनुमानित कलेक्शन से कम मानी जा रही है.
12 करोड़ की उम्मीद, 8 करोड़ के आसपास सिमटने के संकेत
ट्रेड एनालिस्ट्स को उम्मीद थी कि फिल्म पहले दिन 10–12 करोड़ रुपये के बीच कारोबार कर सकती है. लेकिन शुरुआती ट्रेंड्स को देखते हुए अब यह आंकड़ा करीब 8 करोड़ रुपये के आसपास सिमटता नजर आ रहा है. हालांकि, शाम और नाइट शो के बाद कलेक्शन में उछाल की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.
फर्स्ट हाफ ने हंसाया, सेकंड हाफ पर उठे सवाल
रिव्यू की बात करें तो फिल्म का पहला हिस्सा दर्शकों को खूब एंटरटेन करता है. कॉमिक टाइमिंग और पंचलाइन मजबूत हैं, खासकर अक्षय कुमार और राजपाल यादव की जोड़ी ने हंसी का अच्छा माहौल बनाया है. वहीं, दूसरे हाफ को लेकर कुछ दर्शकों ने इसे थोड़ा प्रेडिक्टेबल और धीमा बताया है.
सोशल मीडिया पर मिला-जुला रिएक्शन
मॉर्निंग शो और पेड प्रीव्यू देखने वाले दर्शकों ने सोशल मीडिया पर अपनी राय देनी शुरू कर दी है. कुछ यूजर्स फिल्म को ‘"फुल एंटरटेनर" बता रहे हैं, तो कुछ ने कहानी की पकड़ को कमजोर बताया है. कुल मिलाकर फिल्म को लेकर ऑडियंस की प्रतिक्रिया मिश्रित बनी हुई है.
स्टार कास्ट और लंबाई भी चर्चा में
फिल्म में अक्षय कुमार के साथ तब्बू, मिथिला पालकर, वामिका गब्बी, राजपाल यादव, परेश रावल और अन्य कलाकार नजर आ रहे हैं. फिल्म की कुल अवधि लगभग 2 घंटे 45 मिनट बताई जा रही है, जिसमें इंटरवल भी शामिल है.
"भूत बंगला" ने बॉक्स ऑफिस पर भले ही धीमी शुरुआत की हो, लेकिन इसका कॉमेडी एलिमेंट दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच सकता है. अब नजरें वीकेंड पर टिकी हैं, जहां फिल्म की असली परीक्षा होगी कि क्या यह रफ्तार पकड़ पाती है या नहीं.