Dhanbad News : जिले के कतरास थाना क्षेत्र से एक 12 वर्षीय बच्चे के लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे परिवार में गहरी चिंता और बेचैनी का माहौल है। लापता बच्चे का नाम रितेश कुमार दास है, जो मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है और ठीक से बोल भी नहीं पाता।बच्चा कतरास थाना क्षेत्र के दास टोला, राजबाड़ी रोड, कतरारी बाजार का रहने वाला है। उसकी मां बॉबी देवी ने बताया कि बेटे के लापता होने के बाद से पूरा परिवार परेशान है और लगातार उसकी तलाश कर रहा है।
सरस्वती पूजा देखने निकला था बच्चा, फिर नहीं लौटा घर
परिजनों के अनुसार, 23 जनवरी को दोपहर करीब 3 बजे रितेश बिना बताए घर से सरस्वती पूजा देखने निकला था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। रितेश की मानसिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसकी सुरक्षा को लेकर परिवार की चिंता और भी बढ़ गई है।
मां ने बताया कि इससे पहले भी वह दो बार घर से निकल चुका था, लेकिन तब पुलिस की मदद से उसे सुरक्षित वापस लाया गया था। इस बार काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
परिवार ने की पुलिस और आम लोगों से मदद की अपील
रितेश के लापता होने के बाद परिजनों ने आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद संबंधित थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई गई है।
परिवार ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को रितेश कुमार दास के बारे में कोई जानकारी मिले या वह कहीं दिखाई दे, तो तुरंत नजदीकी थाना या परिजनों को सूचना दें, ताकि बच्चे को सुरक्षित वापस लाया जा सके।