Kuchai News: सरायकेला-खरसावां के कुचाई प्रखंड में आयोजित ब्लॉक स्तरीय बैंकर्स समिति (BLBC) की बैठक में ग्रामीण इलाकों तक बैंकिंग सेवाओं के विस्तार को लेकर अहम मंथन हुआ. बैठक में दुर्गम क्षेत्रों के लोगों को योजनाओं का सीधा लाभ दिलाने और लंबित मामलों के त्वरित निपटारे पर विशेष जोर दिया गया.
दुर्गम इलाकों तक बैंकिंग पहुंचाने की रणनीति, आउटरीच और समयबद्ध सेवा पर फोकस
प्रखंड सभागार में 15 अप्रैल को अग्रणी बैंक प्रबंधक वरुण चौधरी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई, जिसमें BDO साधु चरण देवगम भी मौजूद रहे. बैठक में निर्देश दिया गया कि सुदूर और बैंकिंग से वंचित क्षेत्रों तक सेवाएं पहुंचाने के लिए आउटरीच कैंप और जागरूकता अभियान चलाए जाएं. साथ ही LDM वरुण चौधरी ने सभी बैंक शाखाओं को जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी और समयबद्ध सेवा देने को कहा गया. दूर-दराज से आने वाले ग्राहकों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने और उनके काम में अनावश्यक देरी नहीं करने पर भी जोर दिया गया.
रोजगार और किसान योजनाओं को बढ़ावा, KCC-PMFBY-विश्वकर्मा योजना पर विशेष जोर
बैठक में रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं के लंबित आवेदनों को तेजी से निपटाने और अधिक से अधिक लोगों को स्वावलंबी बनाने पर जोर दिया गया. किसानों को आसान ऋण उपलब्ध कराने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए.
इसके साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के जरिए किसानों और पारंपरिक कारीगरों को जोड़ने पर भी बल दिया गया. सामाजिक सुरक्षा और बीमा योजनाओं का दायरा बढ़ाकर ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को मजबूत करने की बात कही गई.
बैठक में साफ संदेश दिया गया कि बैंकिंग सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना प्राथमिकता है. इसके लिए बैंक और प्रशासन मिलकर काम करेंगे, ताकि हर जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे.