Ranchi: उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा से जुड़े पेपर लीक मामले में गिरफ्तार 11 आरोपियों ने जमानत याचिका दाखिल की है। इनकी ओर से एजेसी योगेश कुमार की अदालत में जमानत की गुहार लगाई गई। इससे पहले 13 अप्रैल को इस मामले में कुल 166 आरोपियों को अदालत में पेश किया गया था, जिसके बाद सभी को जेल भेज दिया गया था।
तमाड़ से हुई गिरफ्तारी, बड़े गिरोह का भांडाफोड़
पुलिस ने तमाड़ के रड़गांव से इन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच में एक अंतरराज्यीय पेपर लीक और सॉल्वर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इस गिरोह में अतुल वत्स, विकास कुमार, शेर सिंह, आशीष कुमार और योगेश प्रसाद जैसे मुख्य आरोपी शामिल हैं। वहीं, इस नेटवर्क में 7 महिलाओं की भी संलिप्तता सामने आई है।
अभ्यर्थियों से लाखों में सौदा, प्रश्न रटवाने का आरोप
जानकारी के अनुसार, गिरोह के एजेंट अभ्यर्थियों को पहले ही प्रश्न पत्र उपलब्ध कराकर उनके उत्तर रटवा रहे थे। इसके बदले प्रत्येक अभ्यर्थी से करीब 15 लाख रुपये की डील तय की गई थी। अभ्यर्थियों के मोबाइल और एडमिट कार्ड भी गैंग ने अपने कब्जे में ले लिए थे, जबकि कुछ ने बैंक चेक के जरिए भुगतान किया था।
छापेमारी में 164 से अधिक अभ्यर्थी पकड़े गए
शनिवार रात पुलिस को सूचना मिली कि रड़गांव में एक अर्धनिर्मित भवन में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी जमा हैं। इसके बाद 11 अप्रैल की देर रात विशेष टीम ने छापेमारी की। मौके पर 164 से अधिक अभ्यर्थियों का जमावड़ा मिला। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन कई को मौके पर ही पकड़ लिया गया। मामले में तमाड़ थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच जारी है।