Simdega News: सिमडेगा में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस को अहम सफलता मिली है. गुप्त सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने जंगल रास्ते से आ रही एक संदिग्ध कार का पीछा कर उसे पकड़ा और उसमें सवार तीन लोगों को 28 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया. यह खेप ओडिशा से लाकर झारखंड में सप्लाई की जानी थी.
गुप्त सूचना पर अलर्ट हुई पुलिस, जंगल रास्ते में शुरू हुआ पीछा
एसडीपीओ बैजू उरांव ने बताया कि एसपी श्रीकांत एस खोटरे को सूचना मिली थी कि ओडिशा से सिमडेगा के रास्ते गांजा की तस्करी हो रही है. इसके बाद ओडिशा सीमा से सटे इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई. इसी दौरान बांसजोर ओपी क्षेत्र के भूकुमुंडा के पास जंगल रास्ते से आ रही एक होंडा सिटी कार पर पुलिस की नजर पड़ी. पुलिस को देखते ही कार चालक ने पहले रफ्तार धीमी की और फिर अचानक गाड़ी बैक कर भागने की कोशिश की. इससे शक गहरा गया और गश्ती टीम ने तत्काल पीछा कर वाहन को रोक लिया.
कार की तलाशी में खुला राज, 14 पैकेट में छिपा था 28 किलो गांजा
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को कार के अंदर छिपाकर रखे गए 14 पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 28 किलो गांजा था. कार में एक महिला सहित तीन लोग सवार थे. पुलिस को देखते ही तीनों घबरा गए, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. आरोपियों की पहचान दक्षिण 24 परगना (कोलकाता) निवासी अभिषेक कुमार, अपर्णा और राहुल कुमार सिंह के रूप में हुई.
ओडिशा से लोहरदगा तक फैला तस्करी का नेटवर्क, केस दर्ज तीन आरोपी गिरिफ्तार
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से गांजा लाकर लोहरदगा में सप्लाई करने जा रहे थे, जहां से इसे आगे दूसरे इलाकों में भेजा जाना था. पुलिस ने जलडेगा थाना (बांसजोर ओपी) में मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही कार और जब्त गांजा को कब्जे में ले लिया गया है. सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया.
इस कार्रवाई से सिमडेगा पुलिस ने नशा तस्करी के एक सक्रिय नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है. पुलिस का कहना है कि सीमा क्षेत्रों में निगरानी और सख्त की जाएगी ताकि ऐसे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके.