Chaibasa News: चाईबासा के टोकलो थाना क्षेत्र में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने एक युवक पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया. घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची टोकलो थाना पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी शुरू कर दी है.
गाड़ी नंबर से हुई युवक की पहचान
पुलिस ने मौके पर मिली मोटरसाइकिल के नंबर की जांच की, जिससे घायल युवक की पहचान विक्की सिंह (पिता अर्जुन सिंह) के रूप में हुई है. वह सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या-25, दिंदली बस्ती मांझी टोला का रहने वाला है. पहचान सुनिश्चित होने के बाद टोकलो पुलिस ने तत्काल आदित्यपुर थाना को इसकी सूचना दी. फिलहाल हमले के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस आपसी रंजिश और लूटपाट जैसे सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
परिजनों की तलाश में जुटी आदित्यपुर पुलिस
सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस दिंदली बस्ती में परिजनों की खोजबीन में जुट गई है. पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि किसी को विक्की सिंह या उसके परिवार के बारे में कोई पुख्ता जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें. युवक की हालत गंभीर होने के कारण अब तक उसका बयान दर्ज नहीं हो सका है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के पहुंचने और प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद ही हमले की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी.