Jharkhand News : जिले के सरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चौधरीडीह श्यामनगर टोला में मंगलवार देर शाम एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतका का शव घर के समीप स्थित कुएं में मिलने के बाद मायके पक्ष के लोगों में आक्रोश भड़क उठा और उन्होंने ससुराल पक्ष के घर में आगजनी कर दी।प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंदन कुमार की पत्नी बिंदिया देवी का शव कुएं में तैरता हुआ मिला। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि घरेलू विवाद के कारण विवाहिता ने आत्मघाती कदम उठाया, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा।
पुलिस-दमकल ने संभाला मोर्चा, गांव में तनावपूर्ण शांति
घटना की सूचना मिलते ही हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र स्थित घुटवाटांड गांव से बड़ी संख्या में मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और गुस्से में ससुराल पक्ष के घर पर हमला बोल दिया। आक्रोशित भीड़ ने पेट्रोल छिड़ककर घर में आग लगा दी, जिससे घर का अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया।
सूचना मिलते ही सरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। बाद में दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगजनी में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी कर रही है। साथ ही विवाहिता की मौत के कारणों की भी हर पहलू से जांच की जा रही है।