Palamu News: झारखंड के पलामू जिले में पुलिस ने एक संगठित चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय इस गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है. इस कार्रवाई में चोरी के गहनों को खरीदकर उन्हें गलाने वाले सुनार को भी हिरासत में लिया गया है, जिससे मामले की अहम कड़ियां सामने आई हैं.
रेकी से लेकर वारदात तक पूरी योजना के साथ करते थे चोरी
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह बेहद योजनाबद्ध तरीके से काम करता था. आरोपी पहले बंद पड़े घरों की पहचान कर उनकी रेकी करते थे. इसके बाद सही समय देखकर लोहे के हथौड़े से ताले तोड़कर घर में घुसते और कीमती सामान व गहनों की चोरी कर फरार हो जाते थे. इसी तरीके से गिरोह ने पड़वा, नौडीहा बाजार और पाटन थाना क्षेत्रों में लगातार कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया. चोरी के गहनों को सुनार के जरिए तुरंत गलाकर मिटाते थे सबूत. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि चोरी के गहनों को वे अनुरंजन कुमार सोनी नामक सुनार को बेच देते थे. सुनार पकड़े जाने के डर से इन गहनों को तुरंत गलाकर उनका स्वरूप बदल देता था, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता था. पुलिस ने इस अहम कड़ी को पकड़ते हुए सुनार को भी गिरफ्तार कर लिया है.
गिरफ्तारी के साथ आठ बड़ी चोरियों का खुलासा, सामान भी बरामद
गिरफ्तार आरोपियों में कुन्दन कुमार मेहता, पंकज कुमार उर्फ पंकज गुप्ता, किशन कुमार मेहता उर्फ अविनाश मेहता और संजीव कुमार उर्फ गोलू शामिल हैं. पुलिस ने इनकी निशानदेही पर चोरी के गहने और चांदी के बर्तन बरामद किए हैं. इस कार्रवाई के साथ ही जिले में हुई करीब आठ बड़ी चोरी की घटनाओं का खुलासा हो गया है.
पलामू पुलिस की इस कार्रवाई ने न केवल एक शातिर गिरोह को बेनकाब किया है, बल्कि चोरी के सामान को खपाने वाले पूरे नेटवर्क को भी उजागर किया है. सभी पांचों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इस खुलासे से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है.