Jamshedpur: टाटानगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 02 और 03 पर उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब छत्तीसगढ़ के कोरबा निवासी महिला किरण सिंह का ट्रॉली सूटकेस अचानक चोरी हो गया। महिला हाल ही में ट्रेन से उतरी थीं और कुछ ही देर में उनका सामान गायब होने की जानकारी सामने आई, जिससे स्टेशन परिसर में हलचल मच गई और मामला तत्काल सुरक्षा एजेंसियों के संज्ञान में लाया गया।
महत्वपूर्ण दस्तावेज और नकदी थे सूटकेस में
पीड़ित महिला ने बताया कि चोरी हुए ट्रॉली सूटकेस में उनके जरूरी दस्तावेज रखे थे, जिनमें आधार कार्ड, बीपीएससी परीक्षा का एडमिट कार्ड, कुछ कपड़े और करीब 600 रुपये नकद शामिल थे। महिला को यहां से आगे पटना जाना था, ऐसे में सामान चोरी होने से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सीसीटीवी के आधार पर आरोपी की पहचान, घाटशिला से गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ टाटानगर और जीआरपी टाटा की टीम ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान हुई। इसके बाद संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को घाटशिला रेलवे स्टेशन से चोरी किए गए सूटकेस के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
जमशेदपुर का रहने वाला है आरोपी, आगे की कार्रवाई जारी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम गुप्ता के रूप में हुई है, जो जमशेदपुर के मनीफीट का निवासी बताया जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए घाटशिला रेल पुलिस के हवाले कर दिया गया है। इस पूरे अभियान का नेतृत्व टाटानगर आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राकेश मोहन और जीआरपी थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में किया गया।