Adityapur: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के चुना भट्टा स्थित संजय इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान पर जानलेवा फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गौरव मिश्रा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देशी पिस्तौल भी बरामद कर ली है। इससे पहले इस मामले में एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.
क्या है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि बीते 14 मार्च को दोपहर करीब 1:40 बजे चुना भट्टा स्थित संजय इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान पर अचानक फायरिंग की घटना हुई थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आदित्यपुर थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109/352(1)/3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस की कार्रवाई और खुलासा
मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस कांड के गौरव मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई देशी पिस्तौल बरामद कर ली।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गौरव मिश्रा का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ कदमा थाना में धारा 399/420/115/120(B) एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं। इसके अलावा साकची थाना में भी उसके खिलाफ हत्या और लूट से जुड़े मामलों में केस दर्ज है, जो उसके आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की पुष्टि करता है।
छापामारी टीम में ये रहे शामिल
इस कार्रवाई को सफल बनाने में आदित्यपुर थाना प्रभारी बिनोद तिर्की, सतीश वर्णवाल, विनोद टुडू सहित सशस्त्र बल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।