Seraikela News: सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल के कुकरू प्रखंड के सापारुम गांव से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां एक जंगली हाथी के हमले से 55 वर्षीय राधा तंतुबाई की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के अनुसार एक हाथी अचानक गांव में घुस आया। उस समय महिला अपने घर के बाहर थी। हाथी ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई।
वन विभाग की अनदेखी से बढ़ी चिंता
इस घटना के बाद पूरे गांव में डर का माहौल बन गया है। गांव वालों का कहना है कि उनके इलाके में अक्सर जंगली हाथी आते रहते हैं। उन्होंने कई बार वन विभाग से शिकायत भी की, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
व्यवस्था की कमी से बढ़ा हाथियों का खतरा
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पहले गांव में हाथियों का पता लगाने के लिए टॉर्च दी गई थी, लेकिन कुछ महीने पहले वह टॉर्च वापस ले ली गई और दूसरे गांव को दे दी गई। गांव में स्ट्रीट लाइट भी नहीं है, जिससे रात में कुछ दिखाई नहीं देता और खतरा और बढ़ जाता है। पहले हाथियों को भगाने के लिए पटाखे भी दिए जाते थे, लेकिन अब कई सालों से वह भी नहीं मिल रहे हैं। गांव वालों का आरोप है कि इन चीजों के लिए जो पैसा आता है, उसमें गड़बड़ी हो जाती है।
मुआवजा मिला, लेकिन सुरक्षा की मांग तेज
घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और परिवार को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई। बाकी करीब साढ़े तीन लाख रुपये का मुआवजा कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिया जाएगा। ग्रामीणों की मांग है कि गांव में हाथी भगाने के लिए खास टीम तैनात की जाए, ताकि आगे ऐसी घटनाएं न हों और लोगों की जान सुरक्षित रह सके।