Jamshedpur: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां वॉशिंग मशीन का पानी घर में जाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया। इस मामले में वादी शेख मोतीम के लिखित आवेदन के आधार पर परसुडीह थाना में 9 अप्रैल 2026 को मामला दर्ज किया गया। घटना में गंभीर रूप से घायल करने के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मो. अकबर (21) को गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
चापड़ से किया हमला, आरोपी ने किया गंभीर रूप से जख्मी
जानकारी के अनुसार, किताडीह इलाके में वॉशिंग मशीन का पानी घर में घुसने को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। इसी दौरान आरोपी मो. अकबर ने स्टील के चापड़ से हमला कर दिया, जिससे पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया।
घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद, जांच जारी
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया एक स्टील का चापड़ भी बरामद कर लिया है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी का पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में हिरालाल तुबिड, करमपाल भगत, गौतम कुमार वर्मा, रवि टोप्पो समेत अन्य पुलिस बल शामिल थे.