Jharkhand News : गोड्डा में अवैध संबंध के चलते एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक नीरज कुमार यादव को उसके चचेरे चाचाओं ने अपनी पत्नी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद मार डाला। पुलिस ने इस मामले में दो चाचाओं और चाची को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
चाचाओं ने पीट पीट कर मार डाला, चची भी गिरफ्तार
यह घटना 8 अप्रैल की रात करीब 12:30 बजे की है। डायल 112 पर संजीव कुमार यादव नामक व्यक्ति ने शिकायत की थी कि एक लड़का उनके घर में घुसकर बदमाशी कर रहा है। सूचना पर पथरगामा थाना की गश्ती टीम शिकायतकर्ता के घर पहुंची, जहां एक व्यक्ति हाथ-पैर बंधा हुआ गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला।
घायल व्यक्ति को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरगामा ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मालरामपुर गांव निवासी इंद्रदेव यादव के पुत्र नीरज कुमार यादव के रूप में हुई। पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि मृतक नीरज कुमार यादव का अपने चचेरे चाचा संजीव कुमार यादव की पत्नी पिंकी देवी (40 वर्ष) के साथ पिछले तीन-चार वर्षों से अवैध संबंध था। इस संबंध को लेकर पहले भी कई बार पंचायतें हुई थीं और दोनों परिवारों के बीच अक्सर मारपीट होती रहती थी।
घटना की रात नीरज कुमार यादव स्वयं छत फांदकर अपनी चाची पिंकी देवी से मिलने गए थे। वहीं चाचा संजीव कुमार यादव ने नीरज और अपनी पत्नी पिंकी देवी को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद संजीव कुमार यादव ने अपने भाई दिवाकर यादव के साथ मिलकर नीरज की बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक के पिता इंद्रदेव यादव की लिखित शिकायत के आधार पर पथरगामा थाने में मामला दर्ज किया गया था।
गोड्डा पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। इस मामले में तीन अभियुक्तों, जिनमें चाचा संजीव कुमार यादव और दिवाकर यादव और चाची पिंकी देवी शामिल हैं, तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पूरे मामले की जानकारी गोड्डा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बांस की लाठी, हथौड़ा, हाथ-पैर बंधा हुआ रस्सी और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।