Jharkhand News: रांची जोन के आईजी मनोज कौशिक ने प्रशासनिक ढांचे को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए सख्त आदेश जारी किया है. इसके तहत रांची जोन के अंतर्गत आने वाले जिलों में तीन साल या उससे अधिक समय से एक ही स्थान पर तैनात पुलिसकर्मियों और लिपिकों का तत्काल तबादला किया जाएगा. आईजी ने स्पष्ट किया है कि लंबे समय तक एक ही सीट पर बने रहने से कार्य के प्रति गंभीरता कम हो जाती है और कई बार लापरवाही या गड़बड़ियां पकड़ में नहीं आतीं.
प्रधान लिपिक और लेखापालों के लिए विशेष निर्देश
आईजी कार्यालय द्वारा जारी पत्र में विशेष रूप से प्रधान लिपिक, अकाउंटेंट (लेखापाल) और कैश ऑर्डली को चिन्हित किया गया है. यह देखा गया है कि कई जिलों में ये कर्मचारी तीन साल की अनिवार्य अवधि पूरी करने के बाद भी एक ही शाखा में कार्यरत हैं. आदेश में कहा गया है कि ऐसे सभी कर्मियों का स्थान परिवर्तन तुरंत सुनिश्चित किया जाए और इसकी अनुपालन रिपोर्ट आईजी कार्यालय को भेजी जाए. इस कदम का उद्देश्य भ्रष्टाचार की संभावनाओं को खत्म करना और नई ऊर्जा के साथ कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना है.
"एक व्यक्ति-दो पद" की व्यवस्था पर पूरी तरह रोक
तबादलों के साथ-साथ पुलिस प्रशासन ने "एक व्यक्ति-दो पद" वाली व्यवस्था को भी तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्देश दिया है. अब कोई भी पुलिसकर्मी या अधिकारी एक साथ दो महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी नहीं संभाल सकेगा.