Jamshedpur News: जमशेदपुर में विकास की रफ्तार धीमी पड़ती नजर आ रही है। JNAC और मानगो नगर निगम क्षेत्र में 130 से ज्यादा ऐसी योजनाएं हैं जो कागजों में तो पूरी हो चुकी हैं, टेंडर भी पास हो गया, शिलान्यास भी हो गया, लेकिन जमीन पर काम शुरू ही नहीं हुआ।
मंजूरी और फंड होने के बावजूद काम शुरू नहीं
इन योजनाओं के अटकने से आम लोगों को रोजमर्रा की सुविधाओं के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। जैसे एक बड़ा प्रोजेक्ट है मैरिज हॉल और किचन शेड का, जिसकी लागत करीब 80 लाख रुपये की है। इस पर तकनीकी मंजूरी भी मिल चुकी है और पैसे की भी कमी नहीं है, फिर भी काम शुरू नहीं हुआ।
शिलान्यास के बाद भी रुकी रफ्तार
इसी तरह शहर में स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट लगाने की करीब 2 करोड़ रुपये की योजनाएं भी अटकी हुई हैं, जिससे लोगों को रोशनी और सुरक्षा की परेशानी झेलनी पड़ रही है।
अगर आंकड़ों की बात करें तो JNAC क्षेत्र में 50 योजनाओं का टेंडर पूरा हो चुका है और 14 मार्च को शिलान्यास भी हो गया था, लेकिन अब तक एक भी काम शुरू नहीं हुआ। वहीं मानगो में 81 योजनाओं को मंजूरी मिली हैं, जिनका शिलान्यास 30 दिसंबर को हुआ था, लेकिन वहां भी काम शुरू नहीं हुआ है।
प्रशासनिक मंजूरी में फंसी योजनाएं, जल्द समाधान की उठी मांग
सबसे बड़ी समस्या यह है कि कुछ योजनाएं तकनीकी रूप से पूरी तरह तैयार होने के बाद भी प्रशासनिक मंजूरी के चक्कर में फंसी हुई हैं। करीब 3 करोड़ 32 लाख रुपये की 5 बड़ी योजनाएं सिर्फ मंजूरी के इंतजार में अटकी हुई हैं।
अब मांग ये उठ रही है कि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग मिलकर इन समस्याओं को जल्दी सुलझाएं, ताकि रुके हुए काम शुरू हो सके और लोगों को जल्द से जल्द इन योजनाओं का फायदा मिले।