Jamshedpur News: टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन परिसर के गोपेश्वर हॉल में आयोजित कमेटी मीटिंग में तीन रिक्त सीटों पर उपचुनाव कराने की औपचारिक घोषणा की गई. यूनियन में एक कमेटी मेंबर और दो पदाधिकारियों के सेवानिवृत्त होने के बाद से ये पद खाली पड़े थे. अध्यक्ष शशिभूषण प्रसाद की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए पांच सदस्यीय चुनाव संचालन समिति का गठन किया गया है. सभी सदस्यों ने एक स्वर में इस प्रस्ताव का समर्थन किया, जिससे अब जल्द ही मतदान की तारीखों का ऐलान होने की उम्मीद है.
चिदानंद खंडई संभालेंगे चुनावी कमान, इन सदस्यों को मिली जिम्मेदारी
उपचुनाव संपन्न कराने के लिए गठित संचालन समिति में चिदानंद खंडई को मुख्य चुनाव पदाधिकारी नियुक्त किया गया है. उनके साथ समिति में दुर्गेश कुमार, टोटन बनर्जी, धनंजय मिश्रा और गौरव कुमार को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है. बैठक के दौरान हाल ही में हुए वेतन समझौते (Wage Revision) की भी विस्तृत समीक्षा की गई और इसके सफल क्रियान्वयन पर चर्चा हुई. यूनियन के महामंत्री आरके सिंह और सलाहकार प्रवीण सिंह की मौजूदगी में हुई इस बैठक में पदाधिकारियों ने चुनावी तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए.