Steel Production FY26: टाटा स्टील इंडिया ने वित्त वर्ष 2026 के प्रोविजनल आंकड़ों में 23.48 मिलियन टन क्रूड स्टील उत्पादन का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया है. पिछले वर्ष के मुकाबले उत्पादन में 8 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. यह बड़ी उपलब्धि कलिंगानगर प्लांट के सफल रैंप-अप और जमशेदपुर प्लांट के मजबूत प्रदर्शन की बदौलत संभव हुई है. विशेष रूप से चौथी तिमाही में उत्पादन 6.25 मिलियन टन रहा, जो साल-दर-साल 15 फीसदी की शानदार वृद्धि दर्शाता है. कंपनी ने जून-जुलाई में जमशेदपुर के जी-ब्लास्ट फर्नेस की रिलाइनिंग के बावजूद अपनी उत्पादन क्षमता और परिचालन कुशलता को मजबूती से बनाए रखा.
ऑटोमोटिव और ब्रांडेड प्रोडक्ट्स में भारी उछाल, घरेलू बाजार में दबदबा
कंपनी की सालाना डिलीवरी भी 22.53 मिलियन टन पर पहुंच गई है, जिसमें से घरेलू डिलीवरी ने पहली बार 20 मिलियन टन का आंकड़ा पार किया है. ऑटोमोटिव एवं स्पेशल प्रोडक्ट्स वर्टिकल ने 3.4 मिलियन टन का अब तक का सबसे बड़ा सालाना वॉल्यूम हासिल किया. वहीं, टाटा टिस्कॉन ने 2.4 मिलियन टन और टाटा स्टीलियम ने 28 फीसदी की रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज कर ब्रांडेड प्रोडक्ट्स श्रेणी में अपनी पकड़ मजबूत की है. इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स वर्टिकल ने भी डिफेंस और शिपबिल्डिंग जैसे उच्च-मूल्य वाले क्षेत्रों में 7.2 मिलियन टन की डिलीवरी कर नई उपलब्धियां हासिल की हैं.
ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म “आशियाना” ने रचा इतिहास, 9360 करोड़ रुपये का जीएमवी
डिजिटल मोर्चे पर टाटा स्टील का ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म "आशियाना" और डीआईजी ईसीए (DIG ECA) गेम-चेंजर साबित हुए हैं. इन प्लेटफॉर्म्स के जरिए कंपनी ने कुल 9360 करोड़ रुपये का ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू (GMV) हासिल किया, जो पिछले साल की तुलना में 161 फीसदी अधिक है. यह जमशेदपुर और पूर्वी भारत के छोटे ग्राहकों और रिटेलर्स के लिए बड़ी सुविधा लेकर आया है. टाटा स्टील के एमडी ने जमशेदपुर प्लांट को कंपनी की "रीढ़" बताते हुए कहा कि "रिस्पांसिबल स्टील सर्टिफिकेशन" के साथ यह भारत का सबसे जिम्मेदार और भविष्य के प्रति सजग स्टील प्लांट बना हुआ है.